09-04-2021

नगर निगम में बिना इंश्योरेंस वाले 85 वाहनों की आरसी भी गायब

Insurance Alertss
|
09-04-2021
|

नगर निगम में बिना इंश्योरेंस वाले 85 वाहनों की आरसी भी गायब

गोरखपुर: नगर निगम में बिना इंश्योरेंस वाले ज्यादातर वाहनों के पंजीकरण प्रमाण पत्र (आरसी) ही नहीं मिल रहे हैं। अफसर और कर्मचारी आरसी की तलाश में जुटे हैं। सिर्फ महापौर और नगर आयुक्त के वाहनों की ही आरसी मिली है। दोनों वाहनों के इंश्योरेंस की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

तकरीबन डेढ़ साल पहले एकला बांध पर कूड़ा गिराते समय नगर निगम के डंपर से कुचलकर एक किशोर की मौत हो गई थी। तब पुलिस ने नगर निगम के डंपर को सीज कर गीडा थाने में खड़ा करा दिया था। चालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई थी। चालक ने अपनी जमानत करा ली। वह सेवानिवृत्त भी हो चुका है लेकिन गाड़ी अब तक थानेे से नहीं छूटी। महापौर सीताराम जायसवाल के निर्देश पर उपसभापति ऋषि मोहन वर्मा ने अफसरों से पूछा तो पता चला कि डंपर का इंश्योरेंस न हो पाने के कारण दिक्कत हो रही है। इसके साथ ही महापौर और नगर आयुक्त के वाहनों समेत 85 वाहनों का इंश्योरेंस न होने का मामला भी सामने आया।

महापौर सीताराम जायसवाल और नगर आयुक्त आशीष कुमार ने इस पर नाराजगी जताई। नगर आयुक्त ने वाहन प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इंश्योरेंस की प्रक्रिया शुरू की गई तो ज्यादातर वाहनों की आरसी ही नहीं मिली। दो दिन की मशक्कत के बाद बुधवार को महापौर और नगर आयुक्त के वाहनों की आरसी मिली।

दूसरी कंपनी करेगी इंश्योरेंस

नगर निगम के वाहनों का इंश्योरेंस अब दूसरी कंपनी करेगी। कर्मचारियों को नई एजेंसी के कर्मचारियों को पूरी जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।

गाड़ी खरीदने के साथ ही हुआ था इंश्योरेंस

महापौर सीताराम जायसवाल के इस्तेमाल के लिए इनोवा गाड़ी वर्ष 2018 में खरीदी गई थी। नगर आयुक्त की गाड़ी भी उसी समय खरीदी गई थी। गाड़ी खरीदने के साथ ही एक साल का इंश्योरेंस हुआ था। इसके बाद इंश्योरेंस का नवीनीकरण नहीं हुआ। तब से बिना इंश्योरेंस वाहन यह वाहन चल रहे हैं। अन्य वाहनों के इंश्योरेंस का आखिरी वर्ष आरसी मिलने के बाद पता चलेगा। महापौर सीताराम जायसवाल का कहना है कि अपर नगर आयुक्त अवकाश पर हैं। उनके पास सभी पेपर हैं। गुरुवार को वह ड्यूटी पर आएंगे तो पेपर मिल जाएगा। सभी वाहनों का इंश्योरेंस नई कंपनी से कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Source: Jagran