21-05-2021

13000 खिलाडि़यों और कोचों को चिकित्सा बीमा देगी भारत सरकार

Insurance Alertss
|
21-05-2021
|

13000 खिलाडि़यों और कोचों को चिकित्सा बीमा देगी भारत सरकार

नई दिल्ली: भारत सरकार ने कोरोना महामारी के मद्देनजर खिलाड़ियों के लिए चिकित्सा बीमा कवरेज का दायरा बढ़ाते का फैसला लिया है। इसके तहत अधिक खिलाड़ियों, अनुबंधित कोचों और सहयोगी स्टाफ को शामिल करने का फैसला किया है। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने गुरुवार को कहा कि इस फैसले से 13000 से अधिक खिलाड़ी, कोच और सहयोगी स्टाफ को फायदा होगा।

खेल मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हमारे सभी खिलाड़ी और अनुबंधित स्टाफ को इस कठिन समय में स्वास्थ्य कवर मिले। वे हमारी राष्ट्रीय संपत्ति हैं। राष्ट्रीय शिविर में शामिल सभी खिलाड़ी, संभावित खिलाड़ी, खेलो इंडिया खिलाड़ी और देश भर में साई के उत्कृष्टता केंद्रों पर शिविर में शामिल जूनियर खिलाडि़यों को पांच-पांच लाख रुपये का बीमा कवर मिलेगा। इससे पहले कवरेज राष्ट्रीय शिविरों तक ही सीमित था लेकिन अब इसे साल भर तक कर दिया गया है।

एक आधिकारिक सूत्र ने कहा कि यह नया है क्योंकि इससे पहले सभी अनुबंधित कोच और स्टाफ इसके दायरे में नहीं थे।इससे पहले राष्ट्रीय शिविर या अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय टूर्नामेंटों के दौरान ही यह कवरेज मिलती थी। चिकित्सा बीमा में 25 लाख रुपये की दुर्घटना या मृत्यु कवरेज भी शामिल है। साई ने राष्ट्रीय खेल महासंघों से खिलाडि़यों और सहयोगी स्टाफ के नाम बीमा योजना के लिए तय करने को कहा है।

Source: Jagran